मथुरा नौका हादसे की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश

मथुरा नौका हादसे की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश

मथुरा नौका हादसे की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश
Modified Date: April 15, 2026 / 11:27 pm IST
Published Date: April 15, 2026 11:27 pm IST

मथुरा (उप्र), 15 अप्रैल (भाषा) मथुरा जिला प्रशासन ने पिछले सप्ताह वृन्दावन में हुए नौका हादसे की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। इस हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई थी। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने जांच के लिए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. पंकज कुमार वर्मा को नियुक्त किया है।

यह हादसा शुक्रवार, 10 अप्रैल को हुआ था, जब पंजाब से आए तीर्थयात्रियों को लेकर एक नौका जुगल घाट से देवराहा बाबा घाट की ओर जा रही थी। केशी घाट के पास नौका पीपा पुल से टकराकर यमुना नदी में पलट गई थी।

जिलाधिकारी सिंह ने कहा, ‘‘दुर्घटना में 15 लोगों की मौत हो गई। आठ अन्य घायल हो गए, जबकि 10 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। एक व्यक्ति लापता है और शव की तलाश के लिए अभियान अब भी जारी है।’

जांच अधिकारी एडीएम वर्मा को हादसे के कारणों का पता लगाने और सुरक्षा मानकों की चूक की पहचान करने का दायित्व सौंपा गया है।

प्रशासन ने एक सार्वजनिक नोटिस जारी कर घटना से संबंधित जानकारी रखने वाले गवाहों और संगठनों से अपने बयान दर्ज कराने का अनुरोध किया है।

जिलाधिकारी ने कहा, ‘‘कोई भी व्यक्ति या संस्था, जो जानकारी देना चाहता है, वह 23 अप्रैल तक सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे के बीच एडीएम कार्यालय में लिखित या मौखिक रूप से अपना बयान दर्ज करा सकता है।’

भाषा सं जफर खारी

खारी


लेखक के बारे में