मथुरा, 30 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में पुलिस ने मूर्तियों की तस्करी करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अष्टधातु से निर्मित एक प्राचीन प्रतिमा बरामद की है। पुलिस के अनुसार, प्रतिमा की कीमत करीब तीन करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर) आशना चौधरी ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर हाईवे थाना क्षेत्र में शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात जांच के दौरान एक संदिग्ध युवक को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से करीब 20 किलोग्राम वजन की अष्टधातु निर्मित प्रतिमा बरामद हुई।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान हाईवे थाना क्षेत्र की राजनगर कॉलोनी निवासी रोनित के रूप में हुई है।
चौधरी ने बताया कि प्रतिमा का एक हाथ टूटा हुआ है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसके पिता वाराणसी डिपो में रोडवेज बस चालक हैं और वही इस प्रतिमा को पश्चिम बंगाल से लेकर आए थे।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि विशेषज्ञों के प्रारंभिक आकलन के अनुसार प्रतिमा अष्टधातु से निर्मित प्रतीत होती है और इसकी कलाकृति के आधार पर इसके 16वीं शताब्दी की होने की संभावना जताई जा रही है। इसकी पुष्टि के लिए प्रतिमा का नमूना जांच के लिए भेजा गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस अब मूर्ति तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रोनित इस प्रतिमा को बेचने की फिराक में था।
भाषा
सं, सलीम रवि कांत