मथुरा, 25 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में माता-पिता के बीच लंबे अरसे से चल रही अनबन से तंगग आकर 21 वर्षीय युवती ने फंदे से लटककर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतका के ननिहाल पक्ष के लोग इसे हत्या का मामला बता रहे हैं।
पुलिस ने युवती का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरु कर दी।
पुलिस उपाधीक्षक अनिल कुमार सिंह ने मंगलवार को बताया कि मृतका की पहचान 21 वर्षीय शिवानी के रूप में हुई है और वह मगोर्रा थानाक्षेत्र के बछगांव के नगला छतरी गांव में रहती थी।
उन्होंने बताया कि शिवानी ने सोमवार देर रात करीब दो बजे अपने कमरे में फंदे से लटककर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।
अधिकारी ने बताया कि घटना का पता उस समय चला, जब पिता यदुवीर सिंह स्टूल गिरने की आवाज सुनकर उसके कमरे में पहुंचे और शव को फंदे से लटके हुआ देखा।
उन्होंने बताया कि शिवानी की मां नीतू देवी और पिता यदुवीर सिंह के बीच कई वर्षों से अनबन चल रही थी, जिस कारण नीतू अपने बेटे (शिवम) को लेकर अपने मायके जाकर रहने लगी जबकि बेटी अपने पिता के साथ ही रहकर मथुरा में पढ़ाई पूरी कर रही थी।
अधिकारी ने बताया कि शिवानी के मामा रघुवीर सिंह ने उसकी हत्या की आशंका जताई।
उन्होंने बताया कि घटना की जांच कर कार्रवाई की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के निर्ष्कषों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं जफर जितेंद्र
जितेंद्र