हमीरपुर हादसे के पीड़ितों को पर्याप्त सहायता दे सरकार : मायावती
हमीरपुर हादसे के पीड़ितों को पर्याप्त सहायता दे सरकार : मायावती
लखनऊ, 29 मई (भाषा) बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की प्रमुख मायावती ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश सरकार से हमीरपुर पुल हादसे में मारे गए श्रमिकों के परिजनों को पर्याप्त वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने तथा घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
मायावती ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि राज्य सरकार को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मृतक श्रमिकों के आश्रितों को उचित आर्थिक सहायता प्रदान करनी चाहिए।
बसपा प्रमुख ने घायलों के लिए विशेष चिकित्सा सुविधा और बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने की भी मांग की।
इसी पोस्ट में मायावती ने ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र में करीब 15 वर्षीय गोपाल शर्मा की हत्या की घटना को अत्यंत दुखद और चिंताजनक बताया तथा मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग भी की।
उन्होंने हत्या में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और कड़ी सजा दिए जाने की भी मांग की।
भाषा
राजेंद्र रवि कांत

Facebook


