उप्र: मेरठ में 15 लाख रुपये के 35 मोबाइल फोन बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

Ads

उप्र: मेरठ में 15 लाख रुपये के 35 मोबाइल फोन बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - June 12, 2026 / 04:10 PM IST,
    Updated On - June 12, 2026 / 04:10 PM IST

मेरठ, 12 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में स्वाट टीम और पुलिस के एक संयुक्त अभियान में चोरी व लूट के 35 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप तथा एक पिट्ठू बैग बरामद किया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस अधीक्षक (नगर) विनायक गोपाल भोसले के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के मुमताज नगर निवासी शाहवेज के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि उसके कब्जे से बरामद 35 मोबाइल फोन में 11 आईफोन भी शामिल हैं।

अधिकारी ने बताया कि बरामद किये गये मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये है।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत स्वाट टीम नगर और लिसाड़ी गेट पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर हाजी राशिद कॉलोनी, मदीना फेस-2 में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया।

शाहवेज ने पूछताछ में कथित तौर पर बताया कि वह पांच सदस्यीय गिरोह का हिस्सा है, जो मेरठ समेत अन्य जिलों और राज्यों में राह चलते लोगों से मोबाइल फोन लूटने, छीनने और रोडवेज बसों में यात्रियों के मोबाइल चोरी करने का काम करता था।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में नदीम, शहनवाज, मुन्ना और शाहरुख नाम के चार अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी शाहवेज के खिलाफ पहले भी लूट और चोरी से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं।

भाषा सं जफर जितेंद्र

जितेंद्र