मेरठ में कांवड़ियों के दो गुटों के विवाद को सुलझाने के दौरान हेड कांस्टेबल घायल

Ads

मेरठ में कांवड़ियों के दो गुटों के विवाद को सुलझाने के दौरान हेड कांस्टेबल घायल

  •  
  • Publish Date - August 4, 2026 / 12:21 PM IST,
    Updated On - August 4, 2026 / 12:21 PM IST

मेरठ (उप्र), चार अगस्त (भाषा) मेरठ के दौराला क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर मोटरसाइकिल की टक्कर को लेकर कांवड़ियों के दो गुटों के बीच हुए विवाद को सुलझाने पहुंचे एक हेड कांस्टेबल घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिसमें कुछ लोग पुलिस वाहन से दो व्यक्तियों को खींचने का प्रयास करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अविनाश पांडेय ने पुलिसकर्मियों से मारपीट किए जाने के दावे को खारिज किया है।

एसएसपी ने बताया कि दो और तीन अगस्त की मध्य रात्रि दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक होटल के निकट कांवड़ियों के लिए आरक्षित लेन में कुछ श्रद्धालु अपनी कांवड़ लेकर बैठे हुए थे तभी हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे सोनू और उसके साथी की मोटरसाइकिल से एक कांवड़ टकराकर खंडित हो गई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस जब सोनू और उसके साथी को वाहन में बैठाकर ले जा रही थी, तभी कुछ कांवड़ियों ने उनके साथ मारपीट कर दी।

पांडेय ने कहा कि वीडियो में जिन लोगों के साथ मारपीट होती दिख रही है, वे पुलिसकर्मी नहीं बल्कि सोनू और उसका साथी हैं।

उन्होंने बताया कि विवाद के दौरान बीच-बचाव कर रहे एक हेड कांस्टेबल के हाथ, कंधे और पेट में चोटें आई हैं। उनका उपचार कराया जा रहा है।

एसएसपी ने बताया कि सेक्टर पुलिस प्रभारी की तहरीर पर आरोपी सोनू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसकी मोटरसाइकिल जब्त कर ली गई है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

भाषा सं. सलीम शोभना खारी

खारी