मेरठ, 28 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) की पार्षद गुड्डी के पति व पार्टी नेता हाजी अफजाल के खिलाफ एक महिला ने आपराधिक धमकी और ताक-झांक के गंभीर आरोप लगाए हैं।
पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
खत्ता रोड निवासी महिला ने एसएसपी कार्यालय में शिकायत देकर आरोप लगाया कि हाजी अफजाल ने भाई जैसा रिश्ता बताकर उसके परिवार का भरोसा जीता और बाद में उसकी 22 वर्षीय बेटी को ससुराल से अलग कर उसका शोषण किया।
महिला के अनुसार, उसकी बेटी का निकाह 17 अप्रैल 2026 को गाजियाबाद में हुआ था। निकाह के कुछ दिन बाद ही आरोपी हाजी अफजाल कथित रूप से युवती को अपने प्रभाव में लेकर ससुराल से अलग ले गया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी की युवती पर पहले से बुरी नजर थी और उसने भाई जैसा संबंध बताकर परिवार का विश्वास हासिल किया और बाद में कथित रूप से उससे अनैतिक कार्य कराए। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने युवती के खाते में बड़ी रकम हस्तांतरित की। विरोध करने पर परिवार को झूठे मुकदमों में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर ब्रह्मपुरी थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(3) (आपराधिक धमकी) और धारा 77 (ताक-झांक और महिला के निजी पलों की रिकॉर्डिंग) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक (नगर) विनायक गोपाल भोंसले ने बताया कि शिकायत में भाई समान संबंध का भरोसा दिलाकर युवती के साथ गलत व्यवहार करने और उसकी शादी तुड़वाने के आरोप लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस के संज्ञान में एक वीडियो भी आया है, जिसकी जांच की जा रही है।
सोशल मीडिया पर युवती का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह नोटों की गड्डियों के साथ दिखाई दे रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वीडियो कहां और किन परिस्थितियों में बनाया गया। अधिकारियों ने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत