मेरठ में खुद को पत्रकार बताने वाले व्यक्ति ने किया आत्मदाह का प्रयास

Ads

मेरठ में खुद को पत्रकार बताने वाले व्यक्ति ने किया आत्मदाह का प्रयास

  •  
  • Publish Date - June 10, 2026 / 08:22 PM IST,
    Updated On - June 10, 2026 / 08:22 PM IST

मेरठ, 10 जून (भाषा) मेरठ जिले के हस्तिनापुर क्षेत्र में खुद को पत्रकार बताने वाले एक व्यक्ति ने कुछ लोगों पर अपहरण करने, बंधक बनाकर मारपीट करने, लूटपाट करके जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए खुद पर तेल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया।

हालांकि पुलिसकर्मियों ने आग लगाने से पहले ही रोक लिया।

पुलिस के अनुसार, हस्तिनापुर नगर के निवासी कुलदीप भारद्वाज ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि वह पत्रकारिता से जुड़ा है और रविवार रात करीब साढ़े दस बजे मनोहरपुर कॉलोनी में स्थित अपने मकान से निकला था तभी रास्ते में एक कार में सवार कुछ लोगों ने उसकी कार रोक ली और मारपीट शुरू कर दी।

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने उसकी कार की चाबी छीन ली और विरोध करने पर तमंचे के पिछले हिस्से से सिर पर हमला किया और मुंह कपड़े से बांधकर हाथ-पैर बांध दिए।

कुलदीप का आरोप है कि इसके बाद उसे जबरन कार में बिठाकर एक अज्ञात स्थान पर ले जाया गया जहां करीब तीन घंटे तक बंधक बनाकर पिटाई की गई और बटुए में रखे लगभग 18,000 रुपये भी छीन लिए गए।

कुलदीप का दावा है कि उसने घटना की सूचना उसी रात पुलिस को दे दी थी, लेकिन कार्रवाई न होने से परेशान होकर मंगलवार शाम वह तेल से भरी बोतल लेकर हस्तिनापुर थाने पहुंचा और अपने ऊपर तेल छिड़क लिया।

थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे किसी तरह रोका। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया।

क्षेत्राधिकारी (मवाना) पंकज लवानिया ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।

स्थानीय पुलिस का कहना है कि शिकायतकर्ता खुद को पत्रकार बताता है और उसका प्रतिवादी पक्ष के साथ किसी समाचार के प्रकाशन को लेकर पहले से विवाद था। पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट हुई थी।

भाषा सं राजेंद्र जोहेब

जोहेब