मेरठ में पाकिस्तानी नागरिकता और फर्जी दस्तावेज के आरोप में मां-बेटी के खिलाफ मामला दर्ज

Ads

मेरठ में पाकिस्तानी नागरिकता और फर्जी दस्तावेज के आरोप में मां-बेटी के खिलाफ मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - February 16, 2026 / 09:26 PM IST,
    Updated On - February 16, 2026 / 09:26 PM IST

मेरठ (उप्र), 16 फरवरी (भाषा) मेरठ में एक महिला और उसकी बेटी के खिलाफ पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने और वैध नागरिकता के बिना देश में रहने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, दिल्ली गेट थाना क्षेत्र की निवासी रुकसाना नामक महिला ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) और पुलिस अधीक्षक (नगर) को दी गई शिकायत में आरोप लगाया कि जली कोठी स्थित नादिर अली बिल्डिंग में रहने वाली फरहत मसूद ने 1988 में पाकिस्तान जाकर एक पाकिस्तानी नागरिक से निकाह किया था।

शिकायत में कहा गया है कि 1993 में पाकिस्तान में जन्मी उनकी बेटी ऐमन फरहत को पाकिस्तानी पासपोर्ट पर भारत लाया गया और बाद में उसे यहां एक स्कूल में दाखिला दिलाया गया, लेकिन भारतीय नागरिकता नहीं दिलाई गई।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि संबंधित महिला ने कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार कर बेटी का पासपोर्ट बनवाया तथा अपने नाम से दो अलग-अलग पहचान पत्र बनवाए।

पुलिस ने बताया कि शिकायत में कथित तौर पर पाकिस्‍तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने और गोपनीय सूचनाएं एकत्र करने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं।

मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अविनाश पांडेय ने बताया कि शिकायत की जांच पुलिस अधीक्षक (नगर) से कराई गई थी। प्रारंभिक जांच में कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार किए जाने के साक्ष्य मिलने के बाद दिल्ली गेट थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

भाषा सं आनन्द गोला

गोला