मेरठ में लापता सात वर्षीय बालक की हत्या, मां के परिचित ने कबूला जुर्म

Ads

मेरठ में लापता सात वर्षीय बालक की हत्या, मां के परिचित ने कबूला जुर्म

  •  
  • Publish Date - June 17, 2026 / 04:34 PM IST,
    Updated On - June 17, 2026 / 04:34 PM IST

मेरठ, 17 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में लापता सात वर्षीय बालक का शव बरामद होने के बाद पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूछताछ में बालक की हत्या करने की बात स्वीकार की है।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिजीत कुमार ने बुधवार को बताया कि 16 जून को बहसूमा थाना क्षेत्र से सात वर्षीय बालक के लापता होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस की चार टीमें गठित कर उसकी तलाश शुरू की गई।

उन्होंने बताया कि पुलिस जांच के दौरान अर्पित शर्मा नामक युवक को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर एक खेत से बालक का शव बरामद किया गया।

अधिकारी ने बताया कि शव बरामद होने के बाद मौके पर ‘फॉरेंसिक साइंस लैब’ (एफएसएल) की टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी के बालक की मां के साथ संबंध थे और बच्चे को इस बारे में पता चल गया था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी बालक को अपने साथ घर से ले गया था और बाद में उसकी हत्या कर दी। अब तक की जांच में अपहरण जैसी कोई बात सामने नहीं आई है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के मोबाइल फोन की गहन जांच की जा रही है तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मामले में विधिक कार्रवाई बहसूमा थाने में की जा रही है।

पुलिस ने कहा कि हत्या के कारणों और घटनाक्रम के अन्य पहलुओं का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

भाषा सं जफर संतोष

संतोष