खनन माफिया का छोटा भाई पूर्व विधान पार्षद महमूद अली मुंबई से गिरफ्तार
खनन माफिया का छोटा भाई पूर्व विधान पार्षद महमूद अली मुंबई से गिरफ्तार
सहारनपुर (उप्र), 17 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के पूर्व विधान पार्षद (एमएलसी) और कथित खनन माफिया हाजी इकबाल के छोटे भाई महमूद अली को सहारनपुर पुलिस ने शनिवार रात मुंबई से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि पूर्व एमएलसी महमूद अली को मुंबई में अदालत में पेश करने के बाद रिमांड पर सहारनपुर लाने की कार्रवाई की जा रही है।
सहारनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) विपिन टाडा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि हाजी इकबाल भी पूर्व एमएलसी रहा है और वह कई मामलों में वाछिंत है।
उन्होंने बताया कि दो दिन पूर्व ही पुलिस ने हाजी इकबाल और उसके भाई महमूद अली पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। उन्होंने बताया कि हाजी इकबाल की भी तलाश की जा रही है। हाजी इकबाल के तीन बेटों को पुलिस पहले ही अलग अलग मामलों में गिरफ्तार कर चुकी है।
एसएसपी ने बताया कि खनन माफिया हाजी इकबाल और उसके भाई एवं परिजनों पर कई अलग अलग मामले दर्ज हैं और इनकी गिरफ्तारी का सिलसिला जारी है।
भाषा सं आनन्द नेत्रपाल सुरभि
सुरभि

Facebook


