मेरठ, 21 मई (भाषा) मेरठ जिले के खरखौदा क्षेत्र से लापता 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है तथा उसके बयानों के आधार पर आठ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
यह जानकारी पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिजीत कुमार ने वृहस्पतिवर को दी।
कुमार ने बताया कि 26 अप्रैल को खरखौदा थाना क्षेत्र निवासी एक महिला ने अपनी नाबालिग पुत्री के घर से बिना बताए चले जाने की सूचना दी थी। इस संबंध में थाना खरखौदा में अभियोग दर्ज किया गया था। मामले में गंगानगर क्षेत्र निवासी एक युवक को नामजद किया गया था।
उन्होंने बताया कि बालिका की बरामदगी नहीं होने पर परिजनों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत की, जिसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए पांच विशेष टीमों का गठन किया गया। सीसीटीवी फुटेज की जांच, निगरानी और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने बुधवार को बालिका को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने बताया कि बालिका का मेडिकल परीक्षण कराया गया है तथा उसके बयान दर्ज किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि पीड़िता के बयानों के आधार पर आठ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच करने के साथ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
भाषा स ज़फ़र वैभव
वैभव