बलिया (उप्र), 27 जून (भाषा) बलिया जिले के बांसडीह थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक नाबालिग किशोरी से एक युवक द्वारा कथित रूप से दुष्कर्म किये जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक के विरुद्ध मामला दर्ज कर उसको शनिवार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, बांसडीह थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 14 वर्षीय नाबालिग किशोरी को 24 जून की रात्रि में थाना क्षेत्र के ही केवटलिया चौबे गांव के संजीत कुमार राजभर उर्फ गोलू राजभर (21) ने बुलाया और सुनसान स्थान पर ले जाकर उससे कथित तौर पर बलात्कार किया।
पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि युवक ने दुष्कर्म के बाद पीड़िता से गाली-गलौज करते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी।
थाना प्रभारी राकेश सिंह ने बताया कि इस मामले में किशोरी के पिता की तहरीर पर शुक्रवार को संजीत के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता के तहत दुष्कर्म और अपराधिक धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया गया। इसके अलावा यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की सुसंगत धारा के तहत भी संजीत के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपी को शनिवार की सुबह उसके घर से गिरफ्तार किया और विधिक कार्यवाही के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
भाषा सं आनन्द संतोष
संतोष