सरकार आजम खान को प्रताड़ित कर रही है : राय

Ads

सरकार आजम खान को प्रताड़ित कर रही है : राय

  •  
  • Publish Date - August 19, 2026 / 01:29 PM IST,
    Updated On - August 19, 2026 / 01:29 PM IST

बलिया (उप्र), 19 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने बुधवार को धनशोधन मामले की जांच के तहत राज्य में समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता आजम खान के मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और विश्वविद्यालय से संबंधित परिसरों पर बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा की जा रही छापेमारी का विरोध करते हुए आरोप लगाया कि सरकार पूर्व मंत्री को प्रताड़ित कर रही है।

‘बलिया बलिदान दिवस’ के अवसर पर आयोजित समारोह में सम्मिलित होने आए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राय ने बुधवार को जिला मुख्यालय पर संवाददाताओं से बातचीत में ईडी की कार्रवाई का जिक्र होने पर कहा, ”आजम खान को सरकार प्रताड़ित कर रही है।”

उन्होंने कहा कि सरकार आजम खान को लगातार परेशान कर रही है और ईडी के छापे उन्हें तंग करने के लिये ही हैं।

इस बीच, उत्तर प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने ईडी की कार्रवाई का बचाव करते हुए कहा कि जौहर विश्वविद्यालय बनाने में किये गये भ्रष्टाचार की परतें अब खुल रही हैं।

उन्होंने सपा नेताओं पर वक्फ संपत्तियों पर अवैध रूप से कब्जा करने का भी आरोप लगाया है।

अंसारी ने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा, ”जब आप बबूल का पेड़ बोयेंगे तो मीठे फल नहीं आएंगे। यह कहावत चरितार्थ हो रही है।”

उन्होंने कहा, ”जब आप गरीबों की जमीन अवैध रूप से कब्जा करके कोई काम करेंगे, सरकारी जमीनों पर अवैध तरीके से कब्जा करेंगे, सरकारी धन का दुरुपयोग करेंगे तो इसका परिणाम ऐसा आना स्वाभाविक है। वहां पर जांच एजेंसी अपना काम कर रही है और निश्चित तौर पर भ्रष्टाचार के मामले सामने आएंगे तो कार्रवाई होगी।”

भाषा सं. सलीम मनीषा

मनीषा