उप्र : बलिया में तिरंगा उतारते समय हाईटेंशन तार की चपेट में आने से युवक की मौत

Ads

उप्र : बलिया में तिरंगा उतारते समय हाईटेंशन तार की चपेट में आने से युवक की मौत

  •  
  • Publish Date - August 16, 2026 / 05:38 PM IST,
    Updated On - August 16, 2026 / 05:38 PM IST

बलिया, 16 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में स्वतंत्रता दिवस समारोह का झंडा उतारते समय 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार शाम नरही क्षेत्र के भिखारीपुर गांव में एक निजी पुस्तकालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह के बाद हुई।

पुलिस ने बताया कि जिस लोहे के पाइप पर तिरंगा फहराया गया था, उसे उतारते समय पाइप ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया और उसमें करंट दौड़ गया।

इस दौरान पुस्तकालय के संचालक राकेश यादव समेत दो युवक करंट की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गए।

परिजन और ग्रामीण दोनों को जिला अस्पताल ले गए, जहां राकेश यादव ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, दूसरे घायल युवक की पहचान दुर्गेश के रूप में हुई है और उसका इलाज चल रहा है।

नरही के थाना प्रभारी हरिशंकर सिंह ने बताया कि राकेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत