मिर्जापुर, 14 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के लालगंज थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से मोटरसाइकिल पर सवार एक बच्ची और उसकी मां की मौत हो गई जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
लालगंज के थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) अभय कुमार सिंह ने बताया कि तेज रफ्तार ट्रेलर ट्रक ने आज मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी, जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि मोटरसाइकिल चला रहा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान मनोज की पत्नी रीता (36) और पुत्री सौम्या (12) के रूप में हुई है, जिनके शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
एसएचओ ने बताया कि टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित ट्रेलर ट्रक फलाईओवर के डिवाइडर को तोड़कर लटक गया, जिसे मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद खिंचवाया। उन्होंने कहा कि मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत