मिर्जापुर, 22 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के अहरौरा थाना क्षेत्र में अहरौरा-चकिया मार्ग पर रविवार सुबह अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
अहरौरा थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) अमित कुमार ने बताया कि मोटरसाइकिल सवार युवक चकिया से अहरौरा जा रहा था, उसी समय किसी अज्ञात वाहन से उसकी टक्कर हो गयी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान वैभव दुबे (25) निवासी मुधफरपुर, चकिया (चंदौली) के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी।
उन्होंने बताया कि वैभव अपने दोस्त के साथ अहरौरा आ रहा था और जैसे ही आनंदीपुर गांव के पास पहुंचा, तभी किसी अज्ञात ट्रक ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी जिससे वैभव दुबे की मौके पर ही मौत हो गई। कुमार ने बताया कि मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत