उत्तर प्रदेश में मानसून पड़ा सुस्त, अधिकांश जिलों में उमस से लोग बेहाल

Ads

उत्तर प्रदेश में मानसून पड़ा सुस्त, अधिकांश जिलों में उमस से लोग बेहाल

  •  
  • Publish Date - July 14, 2026 / 09:29 PM IST,
    Updated On - July 14, 2026 / 09:29 PM IST

लखनऊ, 14 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश में मंगलवार को मौसम अधिकांशतः शुष्क रहा और केवल कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। इस दौरान राज्य के ज्यादातर जिलों में उमस बनी रही। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।

आईएमडी के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश मौसम केंद्रों पर बारिश न के बराबर दर्ज की गई। गाजियाबाद में 0.5 मिलीमीटर और मथुरा-वृंदावन में भी 0.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं, गोरखपुर और वहां के कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) में क्रमशः 11.7 मिलीमीटर और 11 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके चलते पूर्वी उत्तर प्रदेश इस अवधि में अपेक्षाकृत अच्छी बारिश पाने वाला एकमात्र क्षेत्र रहा।

राज्य की राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 37.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक था। वहीं, न्यूनतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक दर्ज किया गया।

प्रयागराज राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दूसरी ओर, सबसे कम न्यूनतम तापमान गोरखपुर में 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

आईएमडी के अनुसार, उत्तर प्रदेश में मानसून की गतिविधियां फिलहाल कमजोर पड़ गई हैं, जिसके कारण राज्य के अधिकांश हिस्सों में वर्षा में कमी आई है। हालांकि, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में छिटपुट बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।

भाषा आनन्द खारी

खारी