खड्ड में गिरी मोटरसाइकिल : दो बच्चों व पिता की मौत

खड्ड में गिरी मोटरसाइकिल : दो बच्चों व पिता की मौत

खड्ड में गिरी मोटरसाइकिल : दो बच्चों व पिता की मौत
Modified Date: November 29, 2022 / 08:50 pm IST
Published Date: March 24, 2022 9:43 pm IST

बरेली (उत्तर प्रदेश), 24 मार्च (भाषा) बरेली जिले के सिरौली क्षेत्र में बृहस्पतिवार को सड़क पर बने गड्ढे के कारण एक बाइक खड्ड में जा गिरी। इस घटना में बाइक सवार एक व्यक्ति और उसके नाबालिग पुत्र-पुत्री की मौत हो गई तथा उसकी पत्नी और एक अन्य बेटा जख्मी हो गए।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि सिरौली थाना क्षेत्र में बरेली-अलीगंज मार्ग पर गुरगांव गांव के पास बृहस्पतिवार पूर्वाह्न 37 वर्षीय भूरा अपनी पत्नी फरजाना तथा तीन बच्चों के साथ बरेली के जलाल नगर में अपनी ससुराल से लौट रहे थे।

उन्होंने बताया कि भूरा की बाइक पर आगे एक बैग रखा था और जब उसकी गाड़ी सिरौली मोड़ पर पहुंची तभी उसका एक पहिया सड़क पर बने गड्ढे में पड़ गया जिसकी वजह से मोटरसाइकिल बेकाबू होकर सड़क किनारे बने खड्ड में जा गिरी।

अग्रवाल ने बताया कि इस हादसे में भूरा तथा उसके बेटे अदनान (नौ) और बेटी अफसाना (सात) की मृत्यु हो गई जबकि उसकी पत्नी फरजाना तथा पांच वर्षीय एक अन्य बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वे रामपुर के शाहाबाद थाना क्षेत्र के ओसी गांव के निवासी थे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।

भाषा सं सलीम नोमान

नोमान


लेखक के बारे में