कासगंज, 26 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में रविवार को एक तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर लगने से मोटरसाइकिल सवार एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गयी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि सिंकदरपुर वैश थाना क्षेत्र में कादरगंज गंगा घाट पुल पर एक तेज़ रफ़्तार ट्रक ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी जिससे उस पर सवार एक दंपति और उनके बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान सोमवीर (35), उसकी पत्नी अमिता (30) और उसके दो साल के बेटे शिवा के रूप में हुई है और वे सभी कासगंज जिले के पटियाली पुलिस थाना क्षेत्र के रामपुर गांव के रहने वाले थे।
सूत्रों ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
सूत्रों के मुताबिक सोमवीर दिल्ली में रहकर आटो—रिक्शा चलाता था और आजकल वह अपने परिवार के साथ अपने पैतृक गांव रामपुर गया था।
उन्होंने बताया कि रविवार को वे बदायूं जिले के सिरोही गांव में एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के बाद अपने गांव लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना हो गई।
सूत्रों ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन को घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को ज़ब्त कर लिया है, और फरार चालक को गिरफ्तार करने के लिए कई स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।
भाषा सं. सलीम देवेंद्र
देवेंद्र