सहारनपुर में पिकअप वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार की मौत, चालक फरार

Ads

सहारनपुर में पिकअप वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार की मौत, चालक फरार

  •  
  • Publish Date - July 5, 2026 / 03:10 PM IST,
    Updated On - July 5, 2026 / 03:10 PM IST

सहारनपुर, पांच जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में तीतरो थानाक्षेत्र अंतर्गत रविवार को पिकअप वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया।

तीतरो थाना प्रभारी विकास चारण के अनुसार, ग्राम आसफगढ़ निवासी रवित (23) आज मोटरसाइकिल से तीतरो की ओर आ रहा था। पापड़ी गांव के पास आसफगढ़-पापड़ी पुलिया से आगे सामने से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।

उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि रवित बाइक से उछलकर सड़क पर गिर पड़ा।

थाना प्रभारी ने कहा कि सूचना पर तीतरो पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के भाई जितेंद्र कुमार ने बताया कि चार भाइयों में रवित सबसे छोटा था, और सभी भाई बगीचों में मजदूरी कर परिवार का खर्च चलाते हैं। उन्होंने कहा कि आज रवित बाइक लेकर काम पर निकला था कि रास्ते में हादसा हो गया।

पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है और फरार पिकअप चालक की तलाश की जा रही है।

भाषा सं आनन्द

रंजन नेत्रपाल

नेत्रपाल