पीलीभीत (उप्र) 11 फरवरी (भाषा) पीलीभीत बाघ अभयारण्य (पीटीआर) के महोफ रेंज में बुधवार को एक वृद्ध महिला का शव मिला। ग्रामीणों को आशंका है कि उसकी मौत बाघ के हमले में हुई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
क्षत-विक्षत शव महोफ रेंज के अंतर्गत घने वन क्षेत्र से बरामद किया गया।
ग्रामीणों के अनुसार, शव के पेट और गर्दन के कुछ हिस्से गायब थे, जिससे बाघ के हमले की आशंका जताई जा रही है।
हालांकि, पीटीआर प्रशासन ने अब तक बाघ की संलिप्तता की पुष्टि नहीं की है।
न्यूरिया थाना प्रभारी सुभाष मावी ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान पारुल राय (65) के तौर पर हुई है जो महोफ रेंज के भद्रा कॉलोनी की रहने वाली थी।
ग्रामीणों का दावा है कि महिला लकड़ी बीनने के लिए जंगल गई थी, तभी कथित रूप से बाघ ने उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) मनीष सिंह ने बताया कि पीटीआर के महोफ रेंज में एक महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
सिंह ने कहा, ‘अभी यह स्पष्ट नहीं है कि घटना अधिसूचित वन क्षेत्र के भीतर हुई है या नहीं। बाघ के हमले की संभावना सहित मृत्यु के सटीक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही की जाएगी।’
इस घटना से क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत फैल गई है।
अधिकारियों ने कहा कि सख्त प्रतिबंध और चेतावनियों के बावजूद कुछ लोग जंगल के अंदर जाते रहते हैं और अपनी जान जोखिम में डालते हैं।
वन विभाग ने एक बार फिर लोगों से वन क्षेत्र में प्रवेश न करने की अपील की है और कहा है कि जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं जफर नोमान
नोमान