मुजफ्फरनगर में पिटाई, जातिसूचक टिप्पणी से आहत दलित युवक ने आत्मदाह की कोशिश की, हालत गंभीर

Ads

मुजफ्फरनगर में पिटाई, जातिसूचक टिप्पणी से आहत दलित युवक ने आत्मदाह की कोशिश की, हालत गंभीर

  •  
  • Publish Date - April 19, 2026 / 04:45 PM IST,
    Updated On - April 19, 2026 / 04:45 PM IST

मुजफ्फरनगर (उप्र), 19 अप्रैल (भाषा) मुजफ्फरनगर जिले के एक गांव में काम करने से मना करने पर एक दबंग युवक द्वारा कथित तौर पर पिटाई करने और जाति सूचक टिप्‍पणी करने से आहत होकर अनुसूचित जाति के एक युवक ने आत्‍मदाह का प्रयास किया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार यह घटना जिले की खतौली तहसील के गंगधाड़ी गांव में हुई जहां शनिवार, काम करने से मना करने पर आरोपी टिंकू उर्फ गौरव (28) ने दलित युवक हिमांशु (25) की पिटाई कर दी और जातिसूचक टिप्‍पणी की। इससे आहत होकर हिमांशु ने खुद को आग लगाकर जान देने का प्रयास किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार ने आज यहां पत्रकारों को बताया कि पुलिस ने टिंकू उर्फ गौरव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115 (स्‍वेच्‍छा से चोट पहुंचाना), 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) और अनुसूचित जाति-जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

उन्होंने बताया कि घायल हिमांशु आत्मदाह के प्रयास में 30 प्रतिशत से अधिक जल गया है, उसे गंभीर हालत में दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया है। परिवार द्वारा पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, आरोप लगाया गया है कि जब पीड़ित ने काम करने से मना किया, तो टिंकू उर्फ गौरव ने उसे थप्पड़ मारा और उसके खिलाफ जातिसूचक टिप्पणियां कीं। उन्होंने कहा कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

भाषा सं आनन्द

प्रशांत

प्रशांत