मुजफ्फरनगर, पांच अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के शामली जिले में बुधवार को पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक संदिग्ध गैंगस्टर मारा गया, जिस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ में एक कांस्टेबल को भी गोली लग गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) एनपी सिंह ने कहा कि मुकिम काला गिरोह का कथित सदस्य फुरकान शामली के झिनझना थाना क्षेत्र के रगना गांव के पास मुठभेड़ में मारा गया।
उन्होंने बताया कि फुरकान हत्या, लूट और अन्य गंभीर अपराधों के दो दर्जन से अधिक मामलों में वांछित था और उस पर 2014 में कैराना में व्यापारी विनोद सिंघल की हत्या में शामिल होने का भी आरोप था।
सिंह के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान कांस्टेबल हरमेंद्र गोली लगने से घायल हो गया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से एक कार्बाइन, एक पिस्तौल, 20 कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
भाषा
सं राजेंद्र पारुल
पारुल