मुजफ्फरनगर (उप्र), 28 मार्च (भाषा) मुजफ्फरनगर जिले के कोतवाली पुलिस थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार महिला और उसके बेटे की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात थाना क्षेत्र के चांद समद गांव के पास सड़क पर गन्ने से लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार महिला ममता (50) और उसके बेटे तनीष भाटी (18) हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) रामाशीष यादव ने यहां पत्रकारों को बताया कि घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली का चालक अपने वाहन को छोड़कर फरार हो गया। सीओ ने बताया कि पुलिस चालक की तलाश कर रही है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं आनन्द खारी
खारी