ढाका, सात सितंबर (भाषा) भारत और बांग्लादेश ने सोमवार को द्विपक्षीय संबंधों से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा की और ‘‘पारस्परिक विश्वास एवं आपसी लाभ के आधार पर भविष्य को ध्यान में रखते हुए मिलकर काम करने’’ पर सहमति जताई।
बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने यहां प्रधानमंत्री के सलाहकार मो. इस्माइल जबीउल्ला से मुलाकात की और दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी संबंधों पर चर्चा की।
भारतीय उच्चायोग ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘लोगों के बीच आपसी संबंध ही द्विपक्षीय संबंधों की नींव होते हैं और बातचीत में इसी बात पर जोर दिया गया।’’
उच्चायोग ने कहा कि दोनों राजनयिकों ने भारत-बांग्लादेश संबंधों से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा की।
भारतीय उच्चायोग ने उम्मीद जताई कि दोनों संप्रभु देश पारस्परिक विश्वास और आपसी फायदे के आधार पर भविष्योन्मुखी दृष्टिकोण के साथ मिलकर काम करना जारी रखेंगे।
त्रिवेदी ने बांग्लादेश के पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री अब्दुल अवल मिंटू और राज्य मंत्री शेख फरीदुल इस्लाम से भी मुलाकात की।
भारतीय उच्चायोग ने कहा, ‘‘उन्होंने वन्यजीव संरक्षण और अधिवास की सुरक्षा के क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग तंत्र की प्रगति पर चर्चा की, साथ ही सीमा के दोनों ओर प्रदूषण, कचरा प्रबंधन और पारस्परिक हित के अन्य पर्यावरणीय मुद्दों पर सहयोग को और प्रगाढ़ करने के अवसरों पर भी चर्चा की।’’
हाल के हफ्तों में, त्रिवेदी ने बांग्लादेश के शीर्ष राजनीतिक नेताओं, जिनमें प्रधानमंत्री तारिक रहमान भी शामिल हैं, के साथ कई बैठकें की हैं। इन बैठकों में उन्होंने संबंधों को और प्रगाढ़ करने के लिए अनुकूल माहौल बनाने की जरूरत पर जोर दिया है।
भाषा सुभाष नरेश
नरेश