मराठवाड़ा में दो प्रतिशत से भी कम परियोजनाएं पूरी हुईं: दानवे

Ads

मराठवाड़ा में दो प्रतिशत से भी कम परियोजनाएं पूरी हुईं: दानवे

  •  
  • Publish Date - September 7, 2026 / 08:24 PM IST,
    Updated On - September 7, 2026 / 08:24 PM IST

जालना, सात सितंबर (भाषा) शिवसेना (उबाठा) के नेता अंबादास दानवे ने महाराष्ट्र सरकार पर मराठवाड़ा के विकास को लेकर केवल खोखले वादे करने का आरोप लगाया और दावा किया कि वर्षों से इस क्षेत्र के लिए घोषित परियोजनाओं में से दो प्रतिशत से भी कम योजनाएं जमीनी स्तर पर लागू की गयी हैं।

विधान परिषद में पूर्व नेता प्रतिपक्ष दानवे ने रविवार को महात्मा गांधी चमन में पार्टी के ‘तुम से न हो पाएगा’ आंदोलन के दौरान यह बात कही।

उन्होंने 2016 और 2023 में विशेष कैबिनेट बैठकों में मराठवाड़ा के लिए घोषित परियोजनाओं की स्थिति पर सवाल उठाए।

दानवे ने कहा कि जालना शहर में आज भी हर पखवाड़े एक बार पेयजल की आपूर्ति होती है।

उन्होंने जल आपूर्ति योजनाओं, सिंचाई परियोजनाओं और औद्योगिक ढांचे से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों को लेकर सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की।

दानवे ने दावा किया कि 2016 और 16 सितंबर, 2023 को छत्रपति संभाजीनगर में हुई कैबिनेट बैठकों में मराठवाड़ा के लिए बड़े पैकेज की घोषणा की गई थी लेकिन अब तक किए गए वादों में से केवल 1.5 से दो प्रतिशत काम ही पूरा हो पाया है। उन्होंने जालना जलापूर्ति योजना, अंबड में जल शोधन संयंत्र, जाफराबाद जलापूर्ति योजना, 728 करोड़ रुपये की दुधना परियोजना और ‘‘सीड पार्क’’ समेत कई परियोजनाओं की प्रगति पर सवाल उठाए।

दानवे ने जालना भूपत्तन को लेकर भी सरकार की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार उद्घाटन किए जाने के बावजूद वहां एक साइन बोर्ड, प्रवेश द्वार, रेलवे ट्रैक और एक गोदाम के अलावा कोई खास बुनियादी ढांचा दिखाई नहीं देता।

शिवसेना (उबाठा) विधायक कैलाश पाटिल ने आरोप लगाया कि ‘लाडकी बहिन’ योजना के लाभार्थियों को 1,500 रुपये दिए जा रहे हैं जबकि उनसे 4,000 रुपये वापस ले लिए जा रहे हैं।

प्रदर्शन के बाद दानवे और पार्टी के अन्य नेताओं ने जिलाधिकारी अशिमा मित्तल से मुलाकात की तथा उन्हें एक ज्ञापन सौंपा।

भाषा जितेंद्र अविनाश

अविनाश

ताजा खबर