मुजफ्फरपुर जिले में अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर व्यक्ति की हत्या की

Ads

मुजफ्फरपुर जिले में अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर व्यक्ति की हत्या की

  •  
  • Publish Date - July 4, 2026 / 01:23 PM IST,
    Updated On - July 4, 2026 / 01:23 PM IST

मुजफ्फरपुर, चार जुलाई (भाषा) बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में शनिवार सुबह कुछ अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना जिले के सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र में एक मंदिर के पास हुई।

उसने बताया कि मृतक की पहचान स्थानीय किराना व्यवसायी श्याम सुंदर कुशवाहा के रूप में हुई है।

मुजफ्फरपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी,ग्रामीण) प्रभाकर सिंह ने पत्रकारों को बताया, ‘कुशवाहा सुबह-सुबह पूजा करने मंदिर गए थे, तभी मोटरसाइकिल सवार तीन आरोपियों ने कथित तौर पर उन पर गोली चला दी। उन्हें इलाज के लिए श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज‌ एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।’

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इस संबंध में मृतक के परिवार वालों ने शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें कई संदिग्धों के नाम शामिल हैं।

सिंह ने कहा, ‘फारेंसिक की एक टीम घटनास्थल पर पहुंचकर सबूत इकट्ठा कर रही है। अपराध स्थल से कुछ कारतूस के खोखे भी बरामद किए गए हैं।’

उन्होंने कहा कि शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि मृतक को कितनी गोलियां लगीं।

सिंह ने कहा, ‘परिवार वालों ने शिकायत में कहा है कि पुराना विवाद था और पहले भी मामले दर्ज कराए गए थे। हम इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या यह घटना उसी सिलसिले में हुई है।’

उन्होंने बताया कि कुछ संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया है।

भाषा प्रचेता रंजन

रंजन