गोरखपुर, तीन जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अधिकारियों को जमीन से जुड़ी शिकायतों के निपटारे में किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राज्य सरकार की ओर से जारी बयान के मुताबिक, योगी ने गोरखपुर प्रवास के दौरान लगातार दूसरे दिन बुधवार सुबह गोरक्षनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
अधिकारियों ने बताया कि कुछ लोगों ने जमीन से जुड़े मामलों में राजस्व कर्मियों की तरफ से लापरवाही बरते जाने की शिकायत की, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को तत्काल कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों के अनुसार, मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी से कहा कि जमीन संबंधी शिकायतों के निपटारे में किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
योगी ने कहा कि मामले की गंभीरता के हिसाब से संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर पहुंचे लोगों को सरकार की तरफ से सहायता का भरोसा दिलाया।
जनता दर्शन के दौरान योगी ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि हर पात्र व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड बनाया जाए, ताकि उन्हें इलाज के लिए परेशान न होना पड़े।
अधिकारियों के मुताबिक, जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 150 लोगों से मुलाकात की और उन्हें सभी समस्याओं का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं संतोषजनक तरीके से समाधान किए जाने का भरोसा दिलाया।
भाषा
सलीम पारुल
पारुल