देवरिया (उप्र), तीन जुलाई (भाषा) देवरिया जिले में रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के गांव नौतन हथिया गढ़ में रास्ते पर आने-जाने के विवाद को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट के दौरान एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
घटना में दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए जिनका उपचार महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल देवरिया में चल रहा है।
घटना के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार की सुबह रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के हथियागढ़ गांव में दो पक्षों में गांव के एक रास्ते पर आने-जाने को लेकर विवाद हो गया, जिसमें एक पक्ष के चाकू से किए गए हमले में राजू विश्वकर्मा (30) पुत्र दशरथ, सुधीर विश्वकर्मा (37) पुत्र रामनरेश तथा धनेश्वरी (30) पुत्र हरेकृष्ण घायल हो गए।
तीनों को उपचार के लिए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने राजू को मृत घोषित कर दिया, वहीं सुधीर तथा धनेश्वरी का गंभीर अवस्था में उपचार चल रहा है।
सूचना मिलने पर रामपुर कारखाना थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार प्रधान के अलावा पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी मौके पर पहुंचे।
पुलिस क्षेत्राधिकारी रेड्डी ने बताया कि शुक्रवार सुबह देवरिया के थाना रामपुर कारखाना क्षेत्रान्तर्गत ग्राम नौतन हथियागढ़ में रास्ते पर आने-जाने की बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी के दौरान चाकू मारने से तीन व्यक्ति घायल हो गए, जिनमें से राजू विश्वकर्मा की मृत्यु हो गयी।
भाषा सं जफर वैभव
वैभव