मप्र में तस्करी कर ले जाया जा रहा 3,000 किलो से अधिक डोडाचूरा जब्त

Ads

मप्र में तस्करी कर ले जाया जा रहा 3,000 किलो से अधिक डोडाचूरा जब्त

  •  
  • Publish Date - May 5, 2026 / 07:45 PM IST,
    Updated On - May 5, 2026 / 07:45 PM IST

इंदौर, पांच मई (भाषा) केन्द्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) की मध्यप्रदेश इकाई ने प्रदेश के रतलाम जिले में आलू चिप्स की आड़ में ट्रक के जरिये तस्करी कर ले जाया जा रहा 3,000 किलोग्राम से अधिक डोडाचूरा जब्त किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि विशिष्ट खुफिया सूचना के आधार पर सीबीएन के विशेष दल को जावरा-रतलाम रोड पर एक ढाबे के पास लावारिस हालत में एक ट्रक तीन मई को खड़ा मिला।

उन्होंने बताया कि लंबे समय तक निगरानी के बावजूद कोई संदिग्ध व्यक्ति ट्रक के पास नहीं आया जिसके बाद इसकी तलाशी ली गई।

अधिकारियों के मुताबिक तलाशी के दौरान ट्रक से 157 बोरियों में भरा करीब 3,160 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया जिसे आलू चिप्स की 150 बोरियों की आड़ में छिपाया गया था।

उन्होंने बताया कि ट्रक पंजाब में पंजीकृत है तथा उसके चालक और तस्करों की तलाश की जा रही है।

अधिकारियों के अनुसार डोडाचूरा से भरे ट्रक को एक गिरोह ने देवास-उज्जैन टोल प्लाजा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर लूटा था और गिरोह की योजना इस मादक पदार्थ को स्थानीय स्तर पर खपाने के लिए एक ढाबे पर छिपाने की थी।

उन्होंने बताया कि मामले में स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि फरार आरोपियों की पहचान, गिरफ्तारी और मादक पदार्थ के स्रोत का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है।

भाषा हर्ष रंजन

रंजन