गंगा एक्सप्रेसवे लोकार्पण पर प्रधानमंत्री मोदी ने यूपीडा प्रदर्शनी का किया अवलोकन

गंगा एक्सप्रेसवे लोकार्पण पर प्रधानमंत्री मोदी ने यूपीडा प्रदर्शनी का किया अवलोकन

गंगा एक्सप्रेसवे लोकार्पण पर प्रधानमंत्री मोदी ने यूपीडा प्रदर्शनी का किया अवलोकन
Modified Date: April 29, 2026 / 07:15 pm IST
Published Date: April 29, 2026 7:15 pm IST

हरदोई, 29 अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को गंगा एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के अवसर पर उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया और राज्य में विकसित हो रहे एक्सप्रेसवे नेटवर्क, औद्योगिक संभावनाओं तथा सांस्कृतिक विरासत के संगम की जानकारी ली।

प्रधानमंत्री ने 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करने के बाद इस प्रदर्शनी का निरीक्षण किया। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें प्रदेश में तैयार हो रहे एक्सप्रेसवे नेटवर्क, उनकी रणनीतिक उपयोगिता और भविष्य की योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

मोदी ने इस व्यापक नेटवर्क को “नए उत्तर प्रदेश” की आधारशिला बताते हुए इसकी सराहना की।

प्रदर्शनी के दौरान यूपीडा के अधिकारियों ने प्रधानमंत्री को एक्सप्रेसवे नेटवर्क से जुड़ी औद्योगिक विकास योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी।

अधिकारियों के अनुसार, यूपीडा की यह प्रदर्शनी केवल बुनियादी ढांचे तक सीमित नहीं थी, बल्कि इसमें उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत की झलक भी प्रस्तुत की गई।

इस प्रदर्शनी में गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माण की पूरी प्रक्रिया, इसके मार्ग में आने वाले 12 जिलों तथा इससे मिलने वाली कनेक्टिविटी को विस्तार से दर्शाया गया। इसमें यह भी बताया गया कि यह एक्सप्रेसवे न केवल यात्रा को तेज बनाएगा, बल्कि क्षेत्रीय संतुलित विकास को भी बढ़ावा देगा।

इसके अलावा, प्रदर्शनी में गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे विकसित किए जाने वाले औद्योगिक गलियारों और लॉजिस्टिक्स हब की विस्तृत योजनाएं भी प्रस्तुत की गईं।

भाषा

सलीम रवि कांत


लेखक के बारे में