बारावफात को लेकर बरेली में पुलिस-प्रशासन अलर्ट, जुलूस मार्ग पर होगी कड़ी निगरानी

बारावफात को लेकर बरेली में पुलिस-प्रशासन अलर्ट, जुलूस मार्ग पर होगी कड़ी निगरानी

बारावफात को लेकर बरेली में पुलिस-प्रशासन अलर्ट, जुलूस मार्ग पर होगी कड़ी निगरानी
Modified Date: August 24, 2026 / 08:22 pm IST
Published Date: August 24, 2026 8:22 pm IST

बरेली (उप्र), 24 अगस्त (भाषा) बारावफात के त्यौहार को लेकर बरेली में पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किये हैं और इस पर्व पर निकाले जाने वाले जुलूस-ए-मुहम्मदी के लिये संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के साथ-साथ सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने सोमवार को बताया कि बारावफात के त्यौहार को सकुशल सम्पन्न कराने के लिये पुलिस अधिकारियों ने जुलूस मार्ग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था और सोशल मीडिया पर निगरानी के साथ ही मंगलवार 25 अगस्त को निकाले जाने वाले जुलूस-ए-मुहम्मदी के मार्ग से सभी अवरोध हटाने के निर्देश दिये।

उन्होंने बताया कि बारावफात को सकुशल संपन्न कराने के लिए आईएमए हॉल में शांति समिति की बैठक हुई, जिसमें जुलूस-ए-मुहम्मदी के मार्गों की समस्याओं पर चर्चा की गई।

आर्य ने कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह, आपत्तिजनक अथवा भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने निर्धारित मार्ग से ही जुलूस निकालने और नई परंपरा न शुरू करने की अपील की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जुलूस में ‘डीजे’ की ऊंचाई जमीन से 12 फीट से अधिक न हो और उसका आकार निर्धारित मानकों के अनुरूप रहना चाहिये।

उन्होंने कहा कि माहौल खराब करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।

भाषा सं. सलीम राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में