मुजफ्फरनगर (उप्र), 19 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश में शामली जिले के कैराना में वलीमा (रिसेप्शन) में कथित रूप गाय का मांस परोसने को लेकर पुलिस ने एक दूल्हे और उसके मामा को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला ने कहा कि दूल्हे फरमान, उसके मामा सलमान, बैंक्वेट हॉल मालिक अनीस और अन्य के खिलाफ उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने फरमान और सलमान को गिरफ्तार कर लिया तथा बैंक्वेट हॉल से गाय का मांस एवं अपराध में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई एक एसयूवी गाड़ी जब्त कर ली।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, 16 जून को शादी करने वाले फरमान ने 18 जून को मुगल बैंक्वेट हॉल में वलीमा किया था, जहां एक आवारा गाय की हत्या के बाद कथित तौर पर उसका मांस परोसा गया था।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि शादी में उपहार के रूप में मिली एसयूवी से मांस ले जाया गया।
पुलिस ने कहा कि शेष आरोपियों का पता लगाने और उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
भाषा सं जफर
राजकुमार
राजकुमार