ऋषिकेश में कथित वसूली के खिलाफ प्रदर्शन, कार्रवाई की मांग

Ads

ऋषिकेश में कथित वसूली के खिलाफ प्रदर्शन, कार्रवाई की मांग

  •  
  • Publish Date - August 9, 2026 / 11:13 PM IST,
    Updated On - August 9, 2026 / 11:13 PM IST

ऋषिकेश, नौ अगस्त (भाषा) ऋषिकेश में कथित वसूली में शामिल दो आरोपियों ‘रंगा-बिल्ला’ के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर रविवार को कई लोगों ने यहां पुलिस कोतवाली में जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पीड़ितों की ओर से लिखित शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने अभी तक आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया है। प्रदर्शन के दौरान काफी देर तक कोतवाली में गहमागहमी बनी रही।

दरअसल, बीते दिनों शहर के विभिन्न स्थानों पर कुछ बैनर और पोस्टर लगाए गए थे, जिनमें कृत्रिम मेधा (एआई) से बनाई गई दो तस्वीरों को कथित तौर पर ‘रंगा-बिल्ला’ नाम दिया गया था। पोस्टरों में इन पर शहर में चल रहे कुछ निर्माण कार्यों में कथित वसूली के आरोप लगाए गए थे। यह मामला सोशल मीडिया पर भी कई दिनों तक चर्चा में रहा।

अब कुछ लोगों ने सामने आकर कथित वसूली और अन्य अनैतिक गतिविधियों को लेकर उनके खिलाफ पुलिस को लिखित शिकायत दी है। शिरोमणि अकाली दल के ऋषिकेश नगर अध्यक्ष जगजीत सिंह उर्फ जग्गा के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान लोगों ने कहा कि शिकायतों के बावजूद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ‘रंगा-बिल्ला’ का विरोध करने वाले जग्गा के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज किए गए, जबकि कथित वसूली में शामिल लोगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई।

प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग की।

ऋषिकेश कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट ने कहा कि पुलिस सभी तथ्यों और शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी, चाहे वह कितना भी रसूखदार क्यों न हो।

भाषा सं दीप्ति गोला

गोला