प्रधानमंत्री का नाम अब भारत के सम्मान का पर्याय : चिराग पासवान

Ads

प्रधानमंत्री का नाम अब भारत के सम्मान का पर्याय : चिराग पासवान

  •  
  • Publish Date - September 17, 2026 / 02:34 PM IST,
    Updated On - September 17, 2026 / 02:34 PM IST

वाराणसी, 17 सितंबर (भाषा) केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बृहस्पतिवार को कहा कि हाल में नयी दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन ने वैश्विक स्तर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की बढ़ती प्रतिष्ठा को दर्शाया है।

पासवान ने कहा, “नरेन्द्र मोदी भारत के प्रधानमंत्री का नाम नहीं, बल्कि भारत के सम्मान और गौरव का नाम है।”

प्रधानमंत्री मोदी के 76वें जन्मदिन पर वाराणसी में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के शुरुआत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पासवान ने कहा कि ब्रिक्स सम्मेलन में प्रमुख विश्व शक्तियों के नेताओं की मौजूदगी और मोदी को प्राप्त सम्मान से वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती हैसियत का पता चलता है।

पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री के साथ उनका सफर करीब 12 साल पहले शुरू हुआ और इस दौरान उनके साथ बिताया हर पल उनके व्यक्तित्व, सोच, संघर्ष और साहस को बढ़ावा देने वाला रहा है। उन्होंने मोदी को ऐसा नेता बताया जो पार्टी कार्यकर्ताओं और देश के नागरिकों को अपने परिवार का सदस्य मानते हैं।

राजग की सहयोगी लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के प्रमुख ने सरकार की कल्याणकारी योजनाओं, सीमा सुरक्षा, प्रौद्योगिकी और अंतरिक्ष क्षेत्र में किए गए कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों को मुख्यधारा में लाने के प्रयास किए गए हैं।

‘विकसित भारत 2047’ का उल्लेख करते हुए पासवान ने लोगों से सेवा कार्यों के जरिए योगदान देने की अपील की।

उन्होंने कहा कि किसी एक व्यक्ति का जीवन बेहतर बनाना भी प्रधानमंत्री के सपने को पूरा करने की दिशा में योगदान है।

पासवान ने कहा, “मैं अपने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच के साथ मजबूती से खड़ा हूं। जब तक मेरे प्रधानमंत्री हैं, चिराग पासवान उनकी परछाई की तरह उनके साथ मजबूती से खड़े रहेंगे।”

उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से समर्थन और आशीर्वाद भी मांगा।

भाषा सं जफर मनीषा रंजन

रंजन