छात्रों की समस्याओं का समाधान संवाद और ठोस कार्रवाई से हो: आइसा

Ads

छात्रों की समस्याओं का समाधान संवाद और ठोस कार्रवाई से हो: आइसा

  •  
  • Publish Date - September 12, 2026 / 05:14 PM IST,
    Updated On - September 12, 2026 / 05:14 PM IST

वाराणसी, 12 सितंबर (भाषा) छात्र संगठन ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा ने शनिवार को कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान संवाद और ठोस कार्रवाई के जरिए किया जाना चाहिए।

बोरा ने वाराणसी स्थित काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के ओंकार नाथ ठाकुर सभागार में आयोजित ‘जेन-जी चौपाल’ में कहा कि जंतर-मंतर पर धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए आंदोलन के बाद देशभर में छात्र-छात्राओं और युवाओं के आंदोलनों में उभार देखने को मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि ‘जेन-जी महाजुटान यात्रा’ प्रयागराज से होते हुए वाराणसी पहुंची है, जिसका उद्देश्य उत्तर प्रदेश के विद्यार्थियों की समस्याओं और उनकी मांगों को सामने लाना है।

बोरा ने कहा कि विश्वविद्यालयों में लगातार बढ़ती फीस, प्रश्न पत्र लीक, छात्रावासों में आरक्षण, पर्याप्त सीट की कमी और छात्रवृत्ति से जुड़े मुद्दे विद्यार्थियों के सामने बड़ी चुनौतियां हैं।

उन्होंने कहा कि इसके अलावा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के रोजगार और नियुक्ति से जुड़े सवाल भी लगातार उठ रहे हैं।

बोरा ने परीक्षा पैटर्न में बदलाव का मुद्दा उठाते हुए कहा कि विद्यार्थियों को परीक्षा से कुछ समय पहले नियमों और विषयों में बदलाव की जानकारी दी जाती है, जिससे उन्हें तैयारी के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पाता।

उन्होंने कहा, ‘‘छात्रों की समस्याओं का समाधान संवाद और ठोस कार्रवाई के जरिए किया जाना चाहिए।’’

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे और इसे देखते हुए सभागार के आसपास सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।

भाषा सं जफर जितेंद्र

जितेंद्र