लखनऊ, 26 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रमुख अजय राय ने अयोध्या में राम मंदिर में कथित वित्तीय अनिमितताओं को लेकर जनता के बीच गुस्सा बढ़ने का दावा करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को अगले साल होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में इसके नतीजे भुगतने पड़ेंगे।
राय ने पार्टी के अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग इकाइयों द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राम मंदिर में दिये गये दान की ‘लूट’ को लेकर जनता में गुस्सा है और संघ तथा भाजपा को यह समझना चाहिए कि लोग सब कुछ देख रहे हैं।
उन्होंने कहा, ”वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जनता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भारतीय जनता पार्टी को भगवान राम के घर में की गई गलतियों के लिए सबक सिखाएगी।”
राय अयोध्या के राम मंदिर को दिये गये दान और चढ़ावे के कथित गबन को लेकर उठे विवाद का जिक्र कर रहे थे।
भाषा सलीम जोहेब
जोहेब