मेरठ में करोड़ों के घोटाले के गवाह सेवानिवृत्त कर्नल पर जानलेवा हमला, पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

मेरठ में करोड़ों के घोटाले के गवाह सेवानिवृत्त कर्नल पर जानलेवा हमला, पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

मेरठ में करोड़ों के घोटाले के गवाह सेवानिवृत्त कर्नल पर जानलेवा हमला, पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
Modified Date: April 15, 2026 / 11:06 pm IST
Published Date: April 15, 2026 11:06 pm IST

मेरठ (उप्र), 15 अप्रैल (भाषा) मेरठ जिले में करोड़ों रुपये के कथित घोटाले से जुड़े मामलों के गवाह 70 वर्षीय सेवानिवृत्त कर्नल सुरेंद्र पाल सिंह पर बुधवार सुबह अज्ञात हमलावरों ने कथित तौर पर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार इस संबंध में तीन नामजद समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

उसने बताया कि गंगानगर थाना क्षेत्र की डिफेंस कॉलोनी के सी ब्लॉक निवासी कर्नल सिंह सुबह करीब छह बजे रोज की तरह सैर पर निकले थे तभी ए ब्लॉक के पास एक सफेद कार में सवार कुछ अज्ञात लोगों ने उनका पीछा कर उन्हें रोक लिया।

पुलिस ने बताया कि एक हमलावर ने गमछा उनकी गर्दन में डालकर उन्हें जमीन पर गिरा दिया, जबकि दूसरे ने हथौड़े से उनके पैरों, चेहरे और सिर पर ताबड़तोड़ वार किए।

उसने बताया कि हमले के दौरान हथौड़े का अगला हिस्सा निकल गया, जिसके बाद आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल कर्नल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घायल कर्नल ने पुलिस को बताया कि डिफेंस कॉलोनी की सैनिक सहकारी आवास समिति में हुए कथित करोड़ों रुपये के घोटालों के मामलों में वह और राजेश त्यागी गवाह हैं। इन मामलों में लिपिक, सचिव और सहायक समेत कई लोगों के खिलाफ पहले से मुकदमे दर्ज हैं।

कर्नल का आरोप है कि उन्हें पहले भी इन मामलों में गवाही देने को लेकर धमकियां मिल चुकी हैं, जिसकी शिकायत उन्होंने पुलिस से की थी।

घटना के बाद कर्नल स्वयं गंगानगर थाने पहुंचे और तहरीर दी।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (सदर देहात) सुधीर कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।

उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीम गठित की गई हैं और मामले की गहन जांच की जा रही है।

भाषा सं जफर खारी

खारी


लेखक के बारे में