जौहर विश्वविद्यालय के समर्थन में जल्द रामपुर आएंगे सपा प्रमुख अखिलेश यादव : तजीन फातिमा

Ads

जौहर विश्वविद्यालय के समर्थन में जल्द रामपुर आएंगे सपा प्रमुख अखिलेश यादव : तजीन फातिमा

  •  
  • Publish Date - July 27, 2026 / 06:35 PM IST,
    Updated On - July 27, 2026 / 06:35 PM IST

रामपुर (उप्र), 27 जुलाई (भाषा) रामपुर स्थित मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के संस्थापक एवं समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता आजम खान की पत्नी तजीन फातिमा ने सोमवार को कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव जल्द ही रामपुर पहुंचकर जौहर विश्वविद्यालय को ध्वस्त करने के आदेश के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं को संबोधित करेंगे।

फातिमा ने रामपुर स्थित अपने आवास पर संवाददाताओं से बातचीत में यह भी कहा कि सरकार जौहर विश्वविद्यालय को आसानी से अपने नियंत्रण में नहीं ले सकती।

उन्होंने कहा कि जौहर विश्वविद्यालय पर बुलडोजर चलाने का रामपुर विकास प्राधिकरण का आदेश मनमाना, अलोकतांत्रिक और छात्र हित के बिल्कुल खिलाफ है और रामपुर विकास प्राधिकरण की यह कार्रवाई इस विश्वविद्यालय को ‘बर्बाद’ करने के लिए की जा रही है।

पूर्व राज्यसभा सदस्य फातिमा ने उम्मीद जताई कि जौहर विश्वविद्यालय पर बुलडोजर चलाने के रामपुर विकास प्राधिकरण के आदेश के खिलाफ मुरादाबाद मंडल आयुक्त अदालत में मंगलवार को होने वाली सुनवाई में इस विश्वविद्यालय के पक्ष में फैसला आएगा लेकिन अगर ऐसा नहीं होता है तो इसे उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय में भी चुनौती दी जाएगी। उन्होंने कहा, ‘हम लोग आखिरी वक्त तक संघर्ष करेंगे।’

इस सवाल पर कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव अभी तक जौहर विश्वविद्यालय के मामले में रामपुर नहीं आए हैं, फातिमा ने कहा कि यादव ने अपना प्रतिनिधिमंडल रामपुर भेजा था और यह आश्वासन भी दिया है कि वह जल्द ही रामपुर पहुंचकर विश्वविद्यालय के गेट पर प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं को संबोधित करेंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि यादव ने कहा है कि पूरी पार्टी जौहर विश्वविद्यालय के पक्ष में है। इस सवाल पर कि क्या जौहर विश्वविद्यालय के खिलाफ रामपुर विकास प्राधिकरण के आदेश को लेकर आजम खान ने कोई संदेश दिया है, फातिमा ने कहा कि उनकी ना तो खान से कोई मुलाकात हुई है और ना ही उनका कोई पैगाम आया है।

जौहर विश्वविद्यालय को ‘टेकओवर’ करने की भी आवाज उठ रही हैं, इस सवाल पर फातिमा कहा, ‘यह यूनिवर्सिटी इतनी आसानी से टेकओवर नहीं की जा सकती है, क्योंकि संविधान में बहुत से ऐसे आर्टिकल हैं जो अल्पसंख्यकों को अपनी संस्थाएं खोलने का और उन्हें चलाने का अधिकार देते हैं और इसे सरकार इतनी आसानी से टेकओवर नहीं कर सकती।’

दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन का जैसा नतीजा देखने को मिला, क्या जौहर विश्वविद्यालय के मामले में भी ऐसा ही होगा, इस सवाल पर उन्होंने कहा, ‘इस बारे में तो मैं कुछ नहीं कह सकती लेकिन दिल्ली में जो नतीजा देखने को मिला है वह अच्छा है। छात्रों के हित में है।’

फातिमा ने कहा कि जौहर विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं से उनकी बात हुई है और वह कह रहे हैं कि वह अपने शिक्षण संस्थान को बचाने के लिए संघर्ष करेंगे और अगर विश्वविद्यालय के भवन ध्वस्त भी कर दिए जाते हैं तो वह पेड़ों के नीचे जमीन पर बैठकर पढ़ेंगे।

इस बीच, आजम खान के बेहद करीबी सहयोगी रहे वरिष्ठ सपा नेता आसिम राजा ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि अगर सरकार द्वारा जौहर विश्वविद्यालय का नियंत्रण अपने हाथ में लेने की कोशिश की गई तो उसके खिलाफ एक बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।

राजा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि मंडल आयुक्त अदालत से उन्हें इंसाफ की कोई उम्मीद नहीं है लिहाजा विश्वविद्यालय प्रशासन ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय में भी एक याचिका दाखिल की है जिस पर भी मंगलवार को ही सुनवाई होगी।

उन्होंने कहा कि मंडल आयुक्त की अदालत में जानबूझकर 28 जुलाई की तारीख सुनवाई के लिए नियत की गई ताकि रामपुर विकास प्राधिकरण द्वारा जौहर विश्वविद्यालय प्रशासन को कथित अवैध निर्माण हटाने के लिए दी गई 30 जुलाई तक की मोहलत खत्म होने में सिर्फ दो दिन ही बाकी रह जाएं।

राजा ने कहा कि आशंका को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय में भी रामपुर विकास प्राधिकरण द्वारा जौहर विश्वविद्यालय के खिलाफ जारी आदेश को रोकने की गुहार लगाते हुए अर्जी दाखिल कर दी है जिस पर भी मंगलवार को ही सुनवाई होगी।

रामपुर विकास प्राधिकरण ने पिछली 15 जुलाई को जौहर विश्वविद्यालय की 40 में से 38 इमारतों को बिना अनुमति लिए बनाए जाने का आरोप लगाते हुए उन्हें 15 दिन के अंदर खुद ध्वस्त करने का आदेश विश्वविद्यालय प्रशासन को दिया था।

क्या आजम खान की राजनीति और उनका वजूद खत्म करने के लिए यह कार्रवाई की जा रही है, इस सवाल पर फातिमा ने कहा, ‘आजम खान साहब की राजनीति और उनके वजूद को कोई नहीं खत्म कर सकता।’

भाषा सलीम राजकुमार अमित

अमित