सरिता विहार हादसा: डंपर चालक गिरफ्तार, कंपनी मृतकों के परिजनों को तीन-तीन लाख रुपये देगी

Ads

सरिता विहार हादसा: डंपर चालक गिरफ्तार, कंपनी मृतकों के परिजनों को तीन-तीन लाख रुपये देगी

  •  
  • Publish Date - September 21, 2026 / 07:19 PM IST,
    Updated On - September 21, 2026 / 07:19 PM IST

नयी दिल्ली, 21 सितंबर (भाषा) दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में यातायत पुलिस के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने के काम में जुटे एक प्रौद्योगिकी कंपनी के तीन कर्मचारियों समेत चार लोगों को कुचलने वाले डंपर के चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह हादसा डंपर द्वारा क्रेन को टक्कर मारने के कारण हुआ। टक्कर के बाद क्रेन आगे खड़े ऑटो रिक्शा से टकरा गई। इस हादसे में तीन अन्य लोग घायल भी हुए थे। पुलिस डंपर के मालिक से पूछताछ कर रही है।

डंपर का स्वामित्व रखने वाली कंपनी ने चारों मृतकों के परिजनों को तीन-तीन लाख रुपये और दो घायलों को एक-एक लाख रुपये देने के लिए सहमति जताई है।

पुलिस ने बताया कि हादसा शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच सरिता विहार स्थित कालिंदी अस्पताल के पास हुआ। उस वक्त दिल्ली यातायात पुलिस की ओर से सीसीटीवी कैमरे का रखरखाव करने वाली टीम सड़क किनारे काम कर रही थी।

प्राथमिकी के अनुसार, तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे डंपर ने पीछे से उस पिकअप वाहन को टक्कर मार दी, जिससे स्काई लिफ्ट जुड़ी हुई थी।

पुलिस ने बताया कि इसके बाद पिकअप वाहन आगे खड़े ऑटोरिक्शा से जा टकराया, जिससे लिफ्ट पर मौजूद कर्मचारी नीचे गिर गए।

पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी चालक की पहचान उत्तर प्रदेश के एटा निवासी विनोद कुमार (42) के रूप में हुई है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने बताया कि डंपर के मालिक और फरीदाबाद निवासी विकास भड़ाना को नोटिस दिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। वह ‘सागर भड़ाना एंड कंपनी’ के मालिक हैं।

हादसे में उमेश (23), प्रवीण कुमार (35 ), सूरज सिंह ( 34) और आकाश (20 ) नाम के व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि अनूप (26) और खेम सिंह (40) घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि मौके पर मौजूद एक अन्य कर्मचारी सुधीर को कोई चोट नहीं आई।

अधिकारियों ने बताया कि तीन मृतक और घायल सीसीटीवी कैमरे के रखरखाव या उन्हें लगाने वाली टीम से संबंधित थे।

पुलिस ने बताया कि घायलों का अपोलो अस्पताल में निशुल्क इलाज कराया जा रहा है।

दिल्ली पुलिस के हस्तक्षेप के बाद, कंपनी ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को तीन-तीन लाख रुपये और घायलों को एक-एक लाख रुपये की सहायता राशि देने के लिए सहमति जताई है। इसके अलावा, उनके इलाज का खर्च भी कंपनी वहन करेगी।

पुलिस ने बताया कि मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (एमएसीटी) के समक्ष मुआवजे के दावे दायर करने के लिए दस्तावेज भी तैयार किए जा रहे हैं।

अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना में शामिल तीनों वाहनों को जब्त कर पुलिस मालखाने में जमा करा दिया गया है। अपराध शाखा की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच के तहत नमूने एकत्र किए हैं।

पुलिस ने बताया कि चारों मृतकों का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है और उनके शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

पुलिस सड़क संख्या 13 के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाल रही है। पुलिस ने बताया कि जब्त वाहनों की यांत्रिक जांच भी कराने का अनुरोध किया गया है।

सरिता विहार थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

भाषा

नोमान नोमान सुभाष

सुभाष