नयी दिल्ली, 21 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को कहा कि गुजरात के वडनगर से उत्तर प्रदेश के वाराणसी और वाराणसी से वडनगर तक निकाली जा रही मोटरसाइकिल रैलियों में शामिल करीब 1,500 युवा रास्ते में विभिन्न सेवा गतिविधियों में हिस्सा लेकर जनभागीदारी और समाज के प्रति कर्तव्य भावना का ‘‘सशक्त संदेश’’ दे रहे हैं।
भाजपा के मुख्य प्रवक्ता अनिल बलूनी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘आज इस यात्रा का पांचवां दिन है। यह एक अनूठा अभियान है, जिसमें करीब 1,500 ‘सेवा यात्री’ रास्ते में विभिन्न स्थानों पर रुककर सेवा गतिविधियों में हिस्सा ले रहे हैं।’’
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 17 सितंबर को गुजरात के वडनगर से उत्तर प्रदेश के वाराणसी तक मोटरसाइकिल रैली को हरी झंडी दिखाई थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिन और उनके निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर जनसेवा के 25 वर्ष पूरे करने के अवसर पर भाजपा के एक महीने के ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत की गई।
इसी दिन, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी से वडनगर तक मोटरसाइकिल रैली को रवाना किया था। इसके साथ ही राज्य में भाजपा के ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत हुई थी।
वडनगर प्रधानमंत्री मोदी का जन्मस्थान है, जबकि वाराणसी उनका लोकसभा क्षेत्र है।
बलूनी ने कहा कि 17 सितंबर को एक साथ शुरू हुई दोनों मोटरसाइकिल रैलियों को 10 समूहों में शामिल युवा 20 अलग-अलग मार्गों से पूरा कर रहे हैं।
भाजपा सांसद ने कहा कि इनमें से प्रत्येक समूह में 50 से 60 युवा शामिल हैं, जो तमिलनाडु, असम, पश्चिम बंगाल, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, बिहार और पूर्वोत्तर राज्यों से हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘ये युवा 10 राज्यों, 193 जिलों, 773 तहसीलों और 1,159 गांवों से होकर गुजर रहे हैं। यह यात्रा केवल जनसंपर्क का माध्यम नहीं है, बल्कि ‘सेवा ही संगठन’ की भावना को जमीन पर उतारने का राष्ट्रव्यापी संकल्प है।’’
बलूनी ने कहा, ‘‘रास्ते में ऋषियों, संतों और सफाई कर्मियों का सम्मान कर ये युवा स्वयंसेवक जनभागीदारी और समाज के प्रति कर्तव्य भावना का सशक्त संदेश दे रहे हैं। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों के साथ सीधे जुड़कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना है।’’
भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष हेमांग जोशी ने कहा कि यह ‘सेवा संकल्प यात्रा’ केवल देश के एक छोर से दूसरे छोर तक की यात्रा नहीं है, बल्कि ‘‘प्रतिबद्धता, करुणा और सामूहिक जिम्मेदारी की यात्रा’’ है।
उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ता जब गांवों और समुदायों से होकर गुजर रहे हैं, तो वे स्वच्छता अभियान, पौधारोपण, जनसंवाद, भजन गायन और बुजुर्गों की सेवा जैसे कार्यों के जरिए सेवा की भावना को सार्थक रूप दे रहे हैं।’’
भाषा शोभना दिलीप
दिलीप