आमजन की समस्याओं के समाधान पर निगरानी रखें वरिष्ठ पुलिस अधिकारी: योगी आदित्यनाथ

Ads

आमजन की समस्याओं के समाधान पर निगरानी रखें वरिष्ठ पुलिस अधिकारी: योगी आदित्यनाथ

  •  
  • Publish Date - December 1, 2025 / 01:20 PM IST,
    Updated On - December 1, 2025 / 01:20 PM IST

लखनऊ, एक दिसंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘जनता दर्शन’ में प्रदेश भर से आए हर फरियादी से स्वयं मुलाकात की, उनका प्रार्थना पत्र लिया और समस्याओं के निदान का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने जिलों में तैनात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे पीड़ितों की समस्याओं के स्थानीय स्तर पर समाधान पर विशेष ध्यान दें और अधिकारी पुलिस से जुड़े मामलों में निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से कार्रवाई पर विशेष ध्यान दें।

एक बयान के मुताबिक ‘जनता दर्शन’ में 42 से अधिक फरियादी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक से मिलकर उनकी समस्याएं जानीं और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया।

‘जनता दर्शन’ में जमीन विवाद, राजस्व व पुलिस से संबंधित भी कई मामले आए। इस पर मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि पुलिस कार्रवाई निष्पक्षता व पारदर्शिता से सुनिश्चित की जाए। पुलिस आयुक्त, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक जनता की समस्याओं पर नजर रखें और प्रमुखता से उसके निस्तारण पर ध्यान दें।

जनता दर्शन में आए दो पीड़ितों ने मुख्यमंत्री से अतिरिक्त आर्थिक सहायता की गुहार लगाई। इस पर मुख्यमंत्री ने दोनों फरियादियों को मदद का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘सरकार हर पीड़ित की मदद के लिए खड़ी है। चिकित्सा के लिए नियमित रूप से पीड़ितों को आर्थिक मदद दी जा रही है। आप भी उपचार में आने वाले खर्च का ब्योरा उपलब्ध कराएं, सरकार मदद करेगी।’’

भाषा जफर सुरभि

सुरभि