बीएचयू के छात्रावास के बाहर गोलीबारी, तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

बीएचयू के छात्रावास के बाहर गोलीबारी, तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

बीएचयू के छात्रावास के बाहर गोलीबारी, तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
Modified Date: February 22, 2026 / 12:55 pm IST
Published Date: February 22, 2026 12:55 pm IST

वाराणसी (उप्र), 22 फरवरी (भाषा) काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के एक छात्रावास के बाहर कथित रूप से गोलियां चलने की आवाज सुनी गई। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ है।

पुलिस ने बताया कि स्नातक के छात्र रोशन मिश्रा ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया कि शनिवार की रात वह बीएचयू में छात्रावास के बाहर खड़ा था तभी तीन लड़के मोटरसाइकिल पर आए और अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं।

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने हवा में गोली चलाई और इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटना में कथित रूप से शामिल तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

अपर पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) वैभव बांगर ने बताया कि भेलूपुर के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) को बीएचयू में गोलीबारी की सूचना रात करीब साढ़े नौ बजे मिली।

उन्होंने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी मिलने पर चौकी प्रभारी तथा कई थानों की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।

एडीसीपी ने बताया, ‘‘पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और छात्रों से औपचारिक शिकायत ली। शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।’’

पुलिस सूत्रों के मुताबिक घटना के बाद छात्रों ने मौके से खोखे एकत्र किये और उन्हें पुलिस को सौंप दिया।

उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

पुलिस के अनुसार इस घटना में शामिल कुछ छात्रों की पहचान कर ली गई है और विस्तृत जांच की जा रही है।

भाषा सं. सलीम सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में