डिवाइडर से टकराकर पलटी डबल डेकर बस, छह यात्रियों की मौत, 21 घायल

Ads

डिवाइडर से टकराकर पलटी डबल डेकर बस, छह यात्रियों की मौत, 21 घायल

  •  
  • Publish Date - May 26, 2026 / 09:39 AM IST,
    Updated On - May 26, 2026 / 09:39 AM IST

उन्नाव (उप्र), 26 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के औरास क्षेत्र में मंगलवार तड़के लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर एक डबल डेकर एसी बस के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट जाने से उस पर सवार छह लोगों की मौत हो गई, तथा तीन पुलिसकर्मियों सहित 21 लोग घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार हादसा औरास थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे पर निभा खेड़ा गांव के पास सुबह करीब सवा पांच बजे हुआ।

उन्होंने बताया कि दिल्ली से बिहार जा रही बस में लगभग 50 यात्री सवार थे और प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक को झपकी आने के कारण वह वाहन से नियंत्रण खो बैठा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस तेज रफ्तार में थी और अचानक डिवाइडर से टकराकर पलट गई। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद बस रेलिंग पर लटक गई, जिससे कई यात्री खिड़कियों से नीचे जा गिरे।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस घटना में छह लोगों की मौत हो गई है जिनकी पहचान के प्रयास किया जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि दुर्घटना में तीन पुलिसकर्मियों समेत 21 अन्य लोग भी जख्मी हुए हैं जिनमें से कुछ को गंभीर हालत में लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है जबकि अन्य घायलों का उपचार जिला अस्पताल में किया जा रहा है।

सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

भाषा सं सलीम वैभव रंजन

रंजन