गोरखपुर, 17 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को “जनता दर्शन” के दौरान विश्वास जताया कि सबकी समस्या का निराकरण सरकार की प्रतिबद्धता है।
मुख्यमंत्री योगी ने गोरखपुर प्रवास के दूसरे दिन रविवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन में करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनीं।
उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति की समस्या का समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है।
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मामलों का निस्तारण तत्परता और संवेदनशीलता से किया जाए।
उन्होंने कहा कि बिना भेदभाव सभी को न्याय मिले, पात्रों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले, जरूरतमंदों का इलाज सुनिश्चित हो और भू-माफिया व दबंगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो।
जनता दर्शन में एक महिला ने बेटी की शादी के लिए आर्थिक मदद की गुहार लगाई।
मुख्यमंत्री ने उसे मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रति जोड़ा एक लाख रुपये मिलने की जानकारी दी और अधिकारियों को प्रक्रिया पूरी करने को कहा।
गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आए लोगों को मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जरूरतमंदों के इलाज में खर्च होने वाले रुपये का अनुमान शीघ्र बनाकर उपलब्ध कराएं, ताकि सरकार तुरंत धन उपलब्ध करा सके।
योगी ने राजस्व और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में भी त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
भाषा आनन्द अमित जितेंद्र
जितेंद्र