लखनऊ, सात अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने अंतरराज्यीय स्तर पर अवैध रूप से ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन की तस्करी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के पास से भारी मात्रा में ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन बरामद किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान रहीमाबाद थाना क्षेत्र के तिरवा के रहने वाले रेहान के रूप में हुई है और उसे सोमवार शाम काकोरी थाना क्षेत्र के करीमाबाद अंडरपास के पास से पकड़ा गया था।
पुलिस ने बताया कि तलाशी के दौरान उसके पास से ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन की 180 एमएल की 502 शीशियां, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह एक संगठित गिरोह का हिस्सा है, जो लखनऊ और आसपास के जिलों में अवैध रूप से ऑक्सीटोसिन की सप्लाई करता है।
उन्होंने बताया कि बरामद इंजेक्शनों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं, और इस मामले में काकोरी थाने में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
भाषा आनंद रंजन
रंजन