उप्र : मुख्यमंत्री की मां पर अभद्र टिप्पणी करने वाले मौलाना को एसटीएफ ने किया बिहार से गिरफ्तार

Ads

उप्र : मुख्यमंत्री की मां पर अभद्र टिप्पणी करने वाले मौलाना को एसटीएफ ने किया बिहार से गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - March 31, 2026 / 05:56 PM IST,
    Updated On - March 31, 2026 / 05:56 PM IST

बहराइच (उप्र), 31 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी करने वाले मौलाना अब्दुल्ला सालिम कासमी उर्फ चतुर्वेदी को सोमवार देर शाम बिहार से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

उसने बताया कि विशेष कार्यबल (एसटीएफ) उसे लेकर बहराइच आयी, जहां आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद अदालत ने उसे जेल भेज दिया।

बहराइच के पुलिस क्षेत्राधिकारी (शहर) नारायण दत्त मिश्र के अनुसार, मौलाना अब्दुल सालिम कासमी का एक विवादित भाषण इस माह की शुरुआत में सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था, जिसमें मुख्यमंत्री की मां के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया था।

उन्होंने कहा कि इसके बाद आठ मार्च को कोतवाली नगर थाने में विश्व हिंदू परिषद के विधि प्रकोष्ठ के जिला संयोजक एवं अधिवक्ता अजीत प्रताप सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया।

उन्होंने बताया कि एसटीएफ ने सोमवार शाम बिहार के पूर्णिया से आरोपी को गिरफ्तार किया और देर रात उसे बहराइच लेकर आई।

पुलिस क्षेत्राधिकारी के अनुसार पूछताछ के बाद मंगलवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तारी को लेकर देवीपाटन परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक अमित पाठक ने मंगलवार दोपहर एक वीडियो बयान जारी कर कहा कि बिहार के अररिया के मोहम्मद सालिम ने मुख्यमंत्री की माता को लेकर सार्वजनिक मंच से अशोभनीय टिप्पणी की थी जिसके बाद देवीपाटन परिक्षेत्र के बलरामपुर एवं बहराइच जिलों में मुकदमे दर्ज किये गये थे।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी के बाद मंगलवार को विशेष कार्यबल की गोरखपुर इकाई उसे बिहार से पूछताछ के लिये बहराइच शहर कोतवाली लायी, जहां पर सालिम ने अपनी गलती स्वीकार करके माफी मांगी।

इस संबंध में विधिक कार्रवाई कोतवाली नगर बहराइच से की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय के मीडिया प्रकोष्ठ ने मंगलवार दोपहर बयान जारी कर बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करके विधिक कार्यवाही के तहत न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया।

पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया, ”अदालत में पेश किए जाने से पहले आरोपी मौलाना ने कोतवाली नगर में पुलिस के सामने अपना अपराध स्वीकार करते हुए माफ करने का अनुरोध किया है।”

इसी बीच आज दोपहर सोशल मीडिया पर प्रसारित हुए मौलाना के एक वीडियो में वह अपना अपराध स्वीकार करते हुए दिखाई दे रहा है।

वीडियो में मौलाना को यह कहते देखा और सुना जा सकता है, ‘‘मैं अपने जुर्म को स्वीकार करता हूं। पांच मई 2024 को बिहार के भागलपुर जिले की एक बस्ती में आयोजित शैक्षिक जागरुकता सम्मेलन में भाषण के दौरान मेरी जुबान से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री साहब की माता के लिए कुछ ऐसी गंदी बातें निकल गईं, जो बिल्कुल नहीं निकलनी चाहिए थीं।’

मौलाना ने वीडियो में कहा,‘‘मैं अपनी गलती का पूरी तरह से एहसास करता हूं और दिल से माफी मांगता हूं। मैं वादा करता हूं कि भविष्य में ऐसी कोई गलती नहीं होगी। मैं अपने सभी साथियों और देशवासियों से यह संदेश देना चाहता हूं कि अपने भाषणों में ऐसी बातें न कहें, जिससे किसी व्यक्ति या धर्म को ठेस पहुंचे और माहौल बिगड़े।’’

मौलाना ने वीडियो में कहा, ‘‘मैं विशेष रूप से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री साहब से भी माफी मांगता हूं और उनसे निवेदन करता हूं कि यदि मेरी वजह से उन्हें तकलीफ पहुंची है तो मुझे क्षमा करें।’’

पुलिस क्षेत्राधिकारी ने वायरल वीडियो इसी मौलाना अब्दुल सालिम का होने की बात स्वीकार की है।

मार्च के पहले हफ्ते में मौलाना की तकरीर वायरल होने के बाद देश भर में विरोध शुरू हुए थे। अकेले उत्तर प्रदेश के अधिकांश जनपदों से विरोध प्रदर्शन एवं मुकदमे दर्ज कराने हेतु पुलिस को तहरीर दिए जाने की खबरें आई थीं। इसके अलावा बहराइच के पड़ोसी बलरामपुर जनपद में भी मौलाना के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था।

भाषा सं जफर सलीम राजकुमार

राजकुमार

शीर्ष 5 समाचार