बहराइच (उप्र), 27 मई (भाषा) बहराइच जिले के हरदी थाना क्षेत्र अंतर्गत घाघरा नदी में बुधवार दोपहर नहाने गए पांच युवकों में से तीन लापता हो गए, जबकि दो अन्य युवकों को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, देर शाम तक एनडीआरएफ, स्थानीय गोताखोरों और पुलिस की टीम लापता युवकों की तलाश में जुटी रही।
हरदी थाना प्रभारी आलोक कुमार सिंह ने बताया कि जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र निवासी पांच युवक बुधवार दोपहर करीब दो बजे घाघरा नदी में नहाने गए थे और नहाते वक्त डूबने लगे। स्थानीय निवासियों, गोताखोरों की मदद से दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन तीन युवक लापता हैं।
उन्होंने बताया कि बचाए गए युवकों द्वारा लापता युवकों की पहचान गोलू जायसवाल (22), सूरज जायसवाल (19) और मोहित यादव (25) के रूप में की गई है।
भाषा सं राजेंद्र शोभना
शोभना