बहराइच, 31 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने गोवा पुलिस की अपराध शाखा के साथ एक संयुक्त अभियान में बहराइच से कथित सीमा पार मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक गिरोह से जुड़े एक प्रमुख संदिग्ध को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
दरगाह शरीफ थाना अधिकारी ने बताया कि गोवा पुलिस की अपराध शाखा ने हाल ही में गोवा में नेपाल मूल के तीन युवकों को गिरफ्तार किया था और उनके पास से मादक पदार्थ बरामद किए थे।
आरोपियों ने गोवा पुलिस को कथित तौर पर बताया था कि बहराइच में रहने वाला एक व्यक्ति नेपाल से मादक पदार्थ मंगवाता था और फिर उनकी तस्करी करता था।
दरगाह शरीफ थानाक्षेत्र के मंसूरगंज निवासी और पहले से ही विभिन्न आपराधिक मामलों में शामिल अखलाक अहमद (29) उर्फ मन्ना मलिक की मादक पदार्थों की तस्करी के गिरोह की प्रमुख कड़ी के रूप में पहचान की गयी।
थाना प्रभारी ने बताया कि तकनीकी निगरानी और खुफिया जानकारी के आधार पर गोवा पुलिस ने एसटीएफ और बहराइच पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में अखलाक को गिरफ्तार किया।
इसके बाद, गोवा पुलिस ने शनिवार को आरोपी को हिरासत में लिया और उसे गोवा वापस भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, तस्करी का यह गिरोह विभिन्न राज्यों में मादक पदार्थों की तस्करी कर रहा था और देश में प्रतिबंधित सामान लाने के लिए उत्तर प्रदेश-नेपाल सीमा का उपयोग कर रहा था।
भाषा सं. सलीम जितेंद्र
जितेंद्र